कीर्तिनगर तहसील के ग्राम पंचायत जुयालगढ़ के चौपड़िया गांव में स्टोन क्रेशर लगाए जाने का विरोध किया है। ग्रामीणों ने कहा कि मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
मंगलवार को चौपड़िया गांव के ग्रामीणों ने अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल हरक सिंह रावत से मुलाकात की। इस मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि साल 2015 में शासन ने उक्त स्टोन क्रेशर को यहां पर स्थापित नहीं करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन 2020 में फिर से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष करण सिंह व समाजसेवी गणेश भट्ट ने बताया कि स्टोन क्रेशर के पास ही ग्रामीणों का एकमात्र पेयजल स्त्रोत है। स्टोन क्रेशर स्थापित होने से कई गांवों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि स्टोन क्रेशर के निरस्तीकरण का शासनादेश जारी किए जाने की मांग को लेकर युवा संघर्ष समिति चौपड़िया में धरना दे रही है। उन्होंने अपर आयुक्त से स्टोन क्रेशर को जल्द हटाए जाने की मांग की। अपर आयुक्त रावत ने ग्रामीणों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर संदीप सिंह रावत, धमेंद्र सिंह, अनुज, स्वाति, आरती देवी, सरोजनी देवी, आशा देवी, रोशनी, शकुंतला, पंकज बंगवाल आदि मौजूद रहे।