जिला मुख्यालय पौड़ी के विभिन्न मोहल्लों में अनियमित जलापूर्ति को लेकर शहरवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जल आपूर्ति को लेकर विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुध लेने को तैयार नहीं है।
जिला मुख्यालय पौड़ी के श्रीनगर रोड, न्यू विकास कालोनी, लक्ष्मीनारायण मंदिर मौहल्ला, डिप्टी धारा मौहल्ला सहित अनेक क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के अनियमित होने की शिकायतें आ रही हैं। कांग्रेस सेवादल के नगर अध्यक्ष युद्धवीर सिंह रावत, विहित के जिला महामंत्री मातंग मलासी, पंज सिंह ने कहा कि जल संस्थान लगातार पेयजल आपूर्ति में हीलाहवाली बरत रहा है। मुख्यालय में दिन में एक समय ही पानी आता है। संस्थान के अधिकारियों से कई बार मौखिक व लिखित शिकायत की गई, लेकिन कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। जबकि बिल जलापूर्ति बाधित रहने के दिनों का भी वसूला जाता है। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति जल्द ही सुचारु नहीं की जाती है, तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं, जल संस्थान के सहायक अभियंता संजय कुमार ने कहा कि मुख्यालय में कहीं भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं है। लेकिन बावजूद इसके कहीं प्रभावित है तो शिकायत सामने आने पर व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।