श्रीनगर। आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम में बृहस्पतिवार को बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी ने की। बैठक में व्यापार मंडल, ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और फायर विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि धनतेरस के दिन बाजार क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा, ताकि लोगों को खरीदारी में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। फायर ब्रिगेड की गाड़ी गोला बाजार में तैनात रहेगी। वहीं, पटाखों की दुकानें जीएनटीआई मैदान में लगाई जाएंगी।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि शुक्रवार को नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे त्योहारों के दौरान बाजारों में सुगमता बनी रहे। इस अवसर पर व्यापार सभा के अध्यक्ष दिनेश असवाल, दीपेन्द्र बिष्ट, फायर ब्रिगेड अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।