गढ़वाल सांसद ने श्रीनगर गढ़वाल को यूपीएससी परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के बच्चों को यूपीएससी सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग करने के लिए 200-300 किमी दूर जाना पड़ता है।
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने यूपीएसएसी के चेयरमैन पीके जोशी को पत्र भेज श्रीनगर को यूपीएससी परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। सांसद ने कहा कि यूपीएससी के चेयरमैन उत्तराखंड से हैं। वे पहाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों से पूर्णत: वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का 90 फीसदी हिस्सा पहाड़ी है। यहां के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए दिल्ली या देहरादून जाना पड़ता है। सांसद ने कहा कि पहाड़ क्षेत्र में श्रीनगर गढ़वाल यूपीएससी परीक्षा केंद्र के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। बताया कि श्रीनगर में गढ़वाल विवि, मेडिकल कालेज, एनआईटी सहित अनेक शैक्षणिक संस्थाएं हैं। जनपद चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी व पौड़ी गढ़वाल के लाखों युवाओं के लिए श्रीनगर केंद्र सहज होगा। संवाद