द्वारीखाल विधानसभा में विधायक निधि योजना के अंतर्गत वर्ष 2009-10 में बने चार यात्री शेडों के निर्माण में अनियमितता पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी सोनिका ने ब्लाक के तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी और अपर सहायक अभियंता से 110524 रुपये की वसूूली करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उक्त दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर 55262-55262 रुपये एक सप्ताह के भीतर द्वारीखाल ब्लाक में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2009-10 में द्वारीखाल ब्लॉक में विधायक निधि योजना के अंतर्गत चार यात्री शेड स्वीकृत किए गए थे। इन यात्री शेडों के निर्माण के लिए योजना के अंतर्गत 2.30 लाख की राशि स्वीकृत की गई थी। इसके अंतर्गत घंडालू में कुलागदेरे तोक में स्वीकृत यात्री शेड, मैथा गांव में रोड में, ग्राम पंचायत खैण्डूडी में यात्री शेड के लिए 60-60 हजार रुपये, ग्राम पंचायत गूम में स्वीकृत यात्री शेड के लिए पचास हजार रुपये स्वीकृत किए गए। विकास विभाग से इनके निर्माण के लिए 1.68 लाख की राशि रिलीज की गई। इसमें घंडालू और खैण्डूंडी के यात्री शेडों के लिए 45-45 हजार, मैथा गांव के यात्री शेड के लिए चालीस हजार ग्राम पंचायत गूम के यात्री शेड के लिए 38 हजार की राशि रिलीज की गई थी। ब्लॉक की ओर से इनका निर्माण भी किया गया था। कुछ समय पहले इसकी जांच करने की मांग उठाई थी।
जांच में मिली गड़बड़ी
प्रशासन ने एसडीएम लैंसडौन, लोनिवि के अधिशासी अभियंता से इसकी जांच कराई थी। जांच में यात्री शेडों के निर्माण में काफी अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पाया गया कि इन यात्री शेडों के निर्माण में शासन से रिलीज 1.68 लाख की राशि में से मात्र 57476 रु. खर्च हुई है। मुख्य विकास अधिकारी सोनिका ने बताया कि जांच के आधार पर बाकी का 110524 रुपये अब इन द्वारीखाल के तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी श्रीपतिलाल और तत्कालीन अपर सहायक अभियंता रवींद्र कुमार से वसूला जाएगा। इन दोनों को नोटिस जारी कर प्रत्येक को 55262 रुपये एक सप्ताह के भीतर द्वारीखाल ब्लॉक में जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है। सीडीओ ने बताया कि अपर सहायक अभियंता रवींद्र कुमार वर्तमान हरिद्वार के नारङसन ब्लॉक में और प्रभारी खंड विकास अधिकारी श्रीपतिलाल पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लाक में तैनात है।