गढ़वाल विवि के प्रशासनिक गेट पर छात्रों को पुतला फूंकने से रोकते सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : SHRINAGAR
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए होने वाले विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) बृहस्पतिवार को अचानक स्थगित कर दी गई। ऐसे में परीक्षा देने एनआईटी पहुंचे छात्रों को निराश लौटना पड़ा। इसके विरोध में छात्र संगठन जय हो ने एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार को भक्त्यिाना स्थित एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड में विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही यहां गेट पर सूचना चस्पा कर दी गई कि तकनीकी गड़बड़ी की वजह से परीक्षा अब 12 अगस्त को होगी।
इसके विरोध में छात्र संगठन जय हो से जुड़े छात्रों ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्यालय मेें एनटीए और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्र एनटीए का पुतला लेकर कुलपति सचिवालय के गेट पर पहुंच गए। सुरक्षा कर्मियों ने छात्रों से पुतला छीनने की कोशिश की। इस दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। बाद में छात्रों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। छात्रों ने कहा कि जब तैयारी और संसाधन नहीं थे तो परीक्षा का निर्णय क्यों लिया गया। परीक्षा स्थगित होने से दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। छात्रों ने कहा कि परीक्षा स्थगित करने की सूचना एक-दो दिन पहले दी जानी चाहिए थी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुतला फूंकने वालों में जय हो के जिलाध्यक्ष आयुष मियां, बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत, सुधांशु थपलियाल, कैवल्य जखमोला, वीरेंद्र बिष्ट और पुनीत अग्रवाल आदि शामिल रहे।
‘विश्वविद्यालय की कोई भूमिका नहीं’
श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रवेश परीक्षा में उनकी कोई भूमिका नहीं है। सीयूईटी के नोडल अधिकारी प्रो. अनिल नौटियाल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि परीक्षा के लिए एनटीए को जिम्मेदारी दी गई है। परीक्षा केंद्र के बारे में एनटीए ने विश्वविद्यालय को भी जानकारी नहीं दी। सिर्फ यह बताया गया था कि प्रदेश में 11 स्थानों पर प्रवेश परीक्षा होगी। यह भी नहीं बताया गया था कि श्रीनगर में केंद्र कहां होगा। बाद में पता चला कि एनआईटी में प्रवेश परीक्षा होगी। इसके बाद उन्होंने एनआईटी के कुलसचिव से मुलाकात की। कुलसचिव ने भी बताया कि एनटीए की टीम आई थी। टीम को बता दिया गया था कि नेटवर्किंग समस्या के कारण उनकी जरूरत पूरी नहीं की जा सकती। प्रो. नौटियाल ने बताया कि बुधवार शाम एनटीए से मेल के जरिये सूचना
मिली कि परीक्षा स्थगित कर दी गई है।