पौड़ी। राजकीय शिक्षक संघ ने खंड शिक्षाधिकारी बीरोंखाल पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बीईओ की ओर से राजकीय शिक्षक संघ बीरोंखाल इकाई के अध्यक्ष/ सहायक अध्यापक देवेंद्र बिष्ट पर की गई कार्रवाई को चिंताजनक बताया। कहा कि बीईओ पूर्वाग्रहों से ग्रसित होकर शिक्षकों पर कार्रवाई कर रहे हैं।संघ के पदाधिकारियों ने मुख्य शिक्षाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि बीते दिनों जीआईसी भरोलीखाल के सहायक अध्यापक देवेंद्र बिष्ट पर की गई कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने बीईओ पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। संघ के जिलाध्यक्ष बलराज सिंह गुसांई व जिलामंत्री विजेंद्र बिष्ट ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारी बीरोंखाल द्वारा किए गए स्पष्टीकरण में उल्लिखित बिंदुओं से स्पष्ट होता है कि बीईओ पूर्वाग्रहों से ग्रसित होकर शिक्षकों का उत्पीड़न कर रहे हैं।
जबकि बोर्ड परीक्षा के केंद्र व्यवस्थापक एवं जीआईसी बैजरो के प्रधानाचार्य दीनदयाल बिष्ट को भी देवेंद्र बिष्ट के प्रकरण से जोड़ा जा रहा है। बताया कि जब ये दोनों शिक्षक बीईओ कार्यालय थलीसैंण पहुंचे तो उनके साथ बदले की भावना से कार्रवाई की गई। संघ ने मामले की जांच मुख्य शिक्षाधिकारी से स्वयं करने की मांग उठाई है।