रोस्टर जारी, बागी और हिंडोलाखाल में महीने में दो-दो दिन होंगे अल्ट्रासाउंड
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग शुक्रवार को पूरी हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी में अल्ट्रासाउंड सेवा का विधिवत शुभारंभ हो गया। विधायक विनोद कंडारी ने इस सेवा का उद्घाटन किया। हालांकि यह व्यवस्था अभी रोटेशन पर रहेगी।
लंबे समय से देवप्रयाग और हिंडोलाखाल क्षेत्र के लोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की मांग कर रहे थे। विशेष रूप से गर्भवती और बुजुर्गों को सामान्य जांच के लिए भी ऋषिकेश या श्रीनगर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। मगर अब यहां रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रचित गर्ग की नियुक्ति सुनिश्चित की गई है। विधायक कंडारी ने कहा कि अभी विशेषज्ञ डॉक्टर महीने में दो दिन ही उपलब्ध रहेंगे। सीएचसी प्रभारी डॉ. आकाश दीप ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के बाद अल्ट्रासाउंड सेवा का रोस्टर जारी कर दिया गया है। इसके तहत महीने के दूसरे और चौथे शुक्रवार को देवप्रयाग सीएचसी में तथा पहले और तीसरे शुक्रवार को हिंडोलाखाल सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी। इस मौके पर शशि कोटियाल, रजनीश मोतीवाला, रेखा भट्ट, सुनीता असवाल, डॉ. फिरोज आलम, डॉ. दिव्या, डॉ. ललित कुमार आदि मौजूद थे।