श्रीनगर। तरुली, बछेली, लगानू और अमधार समेत आसपास के गांवों में गुलदार की दहशत कम नहीं हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को बछेली गांव के पास के जंगल में दो गुलदार दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वहीं, घास लेने जंगल गई एक महिला को गुलदार दिखाई देने पर वह पेड़ पर चढ़ गई। कुछ देर बाद उसने शोर मचाते हुए नीचे उतरकर गुलदार पर पत्थर फेंके।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। बछेली गांव के त्रिलोक सिंह ने बताया कि प्रमिला देवी रविवार अपराह्न घर के पास ही जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक दो गुलदार दिखाई दिए। गुलदार देख वह जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ गईं। शोर मचाते हुए ग्रामीणों को आवाज दी जिस पर गुलदार वहां से भागे। शिकारी जॉय हुकिल ने बताया कि गुलदार दिखाई देने की सूचना मिलने पर वह वन विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर उपप्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी आयशा बिष्ट ने बताया कि वन विभाग की टीम को गुलदार की गुर्राने की आवाज सुनाई दी है।
-
खंडाह-भेलगढ़-जाख मार्ग पर गाय को मारा
रविवार को खंडाह-भेलगढ़-जाख मोटर मार्ग पर गुलदार ने एक गाय को मार डाला। घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जाख निवासी विवेक कुमार ने बताया कि दो से तीन गुलदार ने गाय पर हमला कर उसे सड़क पर ही मार गिराया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने शोर मचाया जिसके बाद वे भाग गए। गाय भेलगढ़ निवासी हरीश लाल की थी।