विकासखंड एकेश्वर के आठ से अधिक ग्राम पंचायतों में जिला प्रशासन की टीम पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से क्षेत्र में स्वरोजगार, उनकी अभिरुचि व सरकार की योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श कर ग्रामीणों को स्वरोजगार दिए जाने का भरोसा दिया।
रविवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी/साहसिक खेल अधिकारी खुशाल सिंह नेगी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने एकेश्वर ब्लाक के किर्खू, मासौं, नेली, नौगांवखाल, बिडोली, विंजोली, एकेश्वर, सिमारखाल सहित अनेक गांवों का भ्रमण किया। टीम ने ग्रामीणों के साथ बैठकें भी की। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी नेगी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की अनेक संभावनाएं हैं, लेकिन हमें अभिरुचि के अनुसार स्वरोजगार का चयन करना होगा। नेगी ने ग्रामीणों को होम स्टे योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना सहित अनेक योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की। ब्लाक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रंजना बडोला, ग्राम प्रधान चन्द्र मोहन बडोला, तेजपाल सिह पंवार, सुभाष चंद्र, नरेन्द्र सिह, साबर सिंह, देवेंद्र सिह, मनवीर सिह, मनोरमा राणा, हितेश नेगी एव सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद