प्रगतिशील जन मंच के आह्वान पर श्रीकोट व श्रीनगर मंगलवार को बंद रहेगा। मंच के बंद को गढ़वाल विवि के कर्मचारी संघ, एसोसिएशन ऑफ प्रैक्टिसिंग लायर्स, व्यापार सभा व पालिकाध्यक्ष पौड़ी ने भी सर्मथन दिया है। वहीं नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए मंच का आंदोलन 44वें दिन भी जारी रहा।
सोमवार को प्रगतिशील जन मंच ने श्रीकोट व श्रीनगर बंद का आह्वान किया। मंच 20 सितंबर 2015 से नगर क्षेत्र की पांच समस्याआें के समाधान के लिए आंदोलित है। मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने बताया कि बंद के दौरान शिक्षण संस्थान, बैंक, कार्यालय व व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि पौड़ी से राज्य आंदोलनकारी कुंज बिहारी नेगी, व्यापार सभा व पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने समर्थन दिया है।
मंच ने कहा कि विधान सभा सत्र समाप्त होने के बाद किसी मंत्री, विधायक व अधिकारी को श्रीनगर से नहीं गुजरने दिया जाएगा। मंच की युवा विंग के संयोजक नवीन प्रकाश नौटियाल ने कहा कि सरकार लगातार जन समस्याओं की अनदेखी कर रही है।