श्रीनगर। हाल ही में अलकनंदा नदी के उफान ने श्रीनगर स्थित अलकेश्वर घाट को काफी नुकसान पहुंचाया है। घाट पर लगी टाइलें जगह-जगह से उखड़ गई हैं, वहीं सुरक्षा के लिए लगाई गई स्टील की ग्रिल कई स्थानों पर टूट-फूट गई है।
बरसात के दौरान ऊपरी इलाकों से बहकर आए पेड़, लोहे के टुकड़े और मलबे ने घाट को क्षतिग्रस्त कर दिया। घाट पर बने पोर्च और शवदाह स्थल के नीचे भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। वहीं, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बैठने के लिए लगाई गई बेंचें भी टूट गई हैं। नदी का जलस्तर घटने के साथ ही घाट पर हुए नुकसान की तस्वीरें अब साफ दिखने लगी हैं। कई जगहों पर रेत और मलबे की मोटी परत जमा है। घाट पर बने शौचालयों के दरवाजे भी नदी में बह गए हैं। सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों और पितृ कार्य करने वालों को भारी असुविधा हो रही है। जहां पितृ कार्यों के संस्कार कराए जाते हैं, वहां रेत ही रेत जमा हो गई है।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने बताया कि नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में आने के बाद घाट का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। उसी के बाद वास्तविक नुकसान का आकलन संभव होगा।