थलीसैंण। समग्र शिक्षा के तहत राजकीय इंटर कॉलेज ग्वालखुडा में छात्र-छात्राओं के लिए कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को कॅरिअर संबंधित जानकारियां दीं। इस दौरान मुख्य अतिथि राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के असिस्टेंट प्रो. डाॅ. दिनेश रावत ने व्यवसाय प्रबंधन (बीबीए) के क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रबंधन की शिक्षा किस प्रकार छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और कॉर्पोरेट जगत में सफल होने में सहायता करती है। उन्होंने एमबीए और अन्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों के महत्त्व, कैंपस प्लेसमेंट, उद्यमिता और स्टार्टअप के अवसरों पर भी चर्चा की।
डाॅ. पुनीत चंद्र वर्मा ने कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) के क्षेत्र की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आईटी इंडस्ट्री में बढ़ते अवसरों, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, वेब डेवलपमेंट और क्लाउड कंप्यूटिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। डाॅ. प्रकाश फोंदणी ने वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में कॅरिअर संभावनाओं पर जानकारी दी।
इस मौके पर प्रधानाचार्य हरीश बहुगुणा आदि शामिल रहे। इधर, राउमावि आंताखोली में भी कैरियर और गाइडेंस कार्यक्रम के तहत-छात्राओं को नर्सिंग कोर्स, एग्रीकल्चर, मेडिकल, इंजीनियरिंग, तकनीकी शिक्षा, उच्चशिक्षा और स्टार्टअप आदि में कॅरिअर को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य मनोज नेगी, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डा.संजेश कुमार, असिस्टेंट प्रो. इंद्रपाल सिंह रावत आदि शामिल रहे।