पौड़ी के जीजीआईसी में प्रतिभागी छात्र को टिप्स देते सीईओ मदन सिंह रावत।
- फोटो : PAURI
जिला मुख्यालय में दो दिवसीय जनपदीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों में नवाचार के अनेक रंग देखने को मिले।
सोमवार को जीजीआईसी पौैड़ी में आयोजित दो दिवसीय जनपदीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीईओ मदन सिंह रावत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी को देख लग रहा है कि छात्रों में सृजनशीलता का कोई अभाव नहीं है। बाल प्रतिभाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा व आविष्कारों के प्रति ललक देख अलग ही अहसास करा रहा है। इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रम के जिला समन्वयक डीएस रावत ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण में पौड़ी जनपद में पूरे देश में दूसरा स्थान पर रहा। जनपद में 1818 बाल वैज्ञानिकों ने अवार्ड के लिए नामांकन किया। जिनमें से 320 बाल वैज्ञानिकों के मॉडल अवार्ड के लिए चयनित हुए हैं। रावत ने बताया कि प्रदर्शनी के पहले दिन पाबौ, खिर्सू, पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, पोखड़ा, एकेश्वर विकासखंडों के 113 बाल वैज्ञानिकों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। मंगलवार को शेष आठ विकासखंडों के बाल वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के परिणाम भी मंगलवार को घोषित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण, कृषि, सोलर पैनल, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण के मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन तेजराम ममगाईं ने किया। इस अवसर पर इनोवेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के डॉ नवनीत, डीईओ माध्यमिक विमल चंद्र बहुगुणा, बीईओ पौड़ी विनीता शाह, प्रधानाचार्य शैलबाला नेगी, वीरेंद्र खंकरियाल, जयदीप रावत, संग्राम सिंह, महिपाल भंडारी, कमलेश जोशी, ममता ध्यानी, श्वेता बिष्ट, अर्चना आदि मौजूद थे।