कीर्तिनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खड़ी एंबुलेंस काफी समय से धूल फांक रही हैं। विधायक निधि से क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध करवाई गई इन एंबुलेंसों का मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धारी ढुंडसिर और बैजवाड़ी को एंबुलेंस उपलब्ध करवाई थीं ताकि क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके। लेकिन चालक के अभाव में अब यह एंबुलेंस अस्पताल परिसर कीर्तिनगर में धूल फांक रही हैं। पहले यह एंबुलेंस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात थी लेकिन चालक न होने से अब इन्हें सीएचसी कीर्तिनगर में खड़ा कर दिया गया है। वहीं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी सीएचसी कीर्तिनगर को एंबुलेंस दी थी, वह भी करीब एक साल से उपयोग में नहीं लाई जा सकी। उसके कागजात अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं।
इस समस्या पर सीएमओ टिहरी डॉ. श्याम विजय सिंह ने बताया कि सीएचसी में वाहन चालक के दो ही पद सृजित है। अन्य पदों के सृजन की भी कार्यवाही शुरू की जाएगी। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी से पीआरडी या अन्य माध्यम से चालक उपलब्ध करवाने के लिए निवेदन किया जाएगा।