श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तीसरे दिन रात्रिकालीन कार्यक्रमों के तहत गैंडा वध नाट्य प्रस्तुति का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला ने किया। मेयर आरती भंडारी ने मेले की रूपरेखा सबके सामने रखी।
मुख्य अतिथि हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं बल्कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर गैंडा वध नाट्य कार्यक्रम का मंचन बचणस्यूं मंडाण समूह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पांडवों द्वारा अपने पिता पांडू के श्राद्ध के लिए गैंडे की खाल प्राप्त करने की कथा का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन अंकित रावत और जसपाल गुसाईं ने किया। इसमें अर्जुन की भूमिका लखपत राणा, नागार्जुन की भूमिका ऋतिक, तथा भीम की भूमिका आशुतोष रौथाण ने निभाई। कलाकारों के अभिनय और संवाद शैली ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
-
नटराज डांस ग्रुप के कलाकारों ने बटोरी तालियां
बृहस्पतिवार को रात्रिकालीन कार्यक्रमों में नटराज डांस ग्रुप श्रीनगर के कलाकारों ने नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति दी। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। मौके पर कलाकारों ने एक से बढ़कर कार्यक्रम पेश किए। साक्षी डोभाल द्वारा दी गई गीत प्रस्तुति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मेयर आरती भंडारी नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, नगर निगम के पार्षद, शहर कोतवाल जेएस नेगी आदि मौजूद रहे।