श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के चौरास क्षेत्र के मंगसू गांव में पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने तहसील का घेराव कर विभाग और शासन प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणाें ने जल्द पेयजल समस्या का समाधान न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
बुधवार को पेयजल समस्या को लेकर तहसील मुख्यालय कीर्तिनगर पहुंचे ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि मंगसू गांव के लिए दो पेयजल योजनाएं बनी है, लेकिन इसके बाद भी ग्रामीणों को पीने का पानी नहीं मिल पाता है। ग्राम प्रधान मंगसू दीपिका देवी ने बताया कि गत तीन माह से गांव में पेयजल समस्या से लोग परेशान हैं, जिससे ग्रामीणों को हैंडपंपों या अलकनंदा नदी से पानी ढोना पड़ रहा है।
गांव की पेयजल योजना पर क्षमता से अधिक निजी कनेक्शन दिए गए हैं। साथ ही योजना का सही रख रखाव नहीं होने से पेयजल समस्या पैदा हो रही है। ग्रामीण विनोद चमोली ने बताया कि संगम विहार मंगसू में गर्मियों में पानी की सबसे अधिक दिक्कत होती है। यहां पानी पहुंचाने के लिए कोटेश्वर-सिल्काखाल पंपिंग पेयजल योजना व मंगसू में बोरिंग भी की गई है, लेकिन इनके संचालन में लापरवाही के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ता है।
ग्रामीण अल्का देवी ने बताया कि सितंबर में ग्रामीणों के आंदोलन के बाद विभाग को एक करोड़ की धनराशि से दो पंप लगाने की स्वीकृति मिली थी, लेकिन आज तक पंप नही लग पाए हैं। ग्रामीणों ने प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस मौके पर अभिषेक उनियाल, आशा देवी, सुशीला देवी, रीना, पूनम कलेठा, लक्ष्मी भट्ट, कमला कुंवर, डबली देवी व रोशनी कंडारी आदि मौजूद रहे।
-पंपिंग पेयजल योजना पर फिल्टर प्लांट का निर्माण कार्य होने से कोटेश्वर-सिल्काखाल पंपिंग पेयजल योजना पर आंशिक आपूर्ति हो रही है। प्लांट का कार्य पूर्ण हाेने पर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। -नरेशपाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान देवप्रयाग।