केंद्रीय विवि के व्यापार प्रबंध विभाग की पहल पर आयोजित इंडस्ट्रीज ऐकेडिमिया इंटरफेस मीट (उद्योग-शैक्षणिक वार्तालाप) में उद्योग जगत की हस्तियों ने अपनी सफलता की कहानी बताई। उन्होंने कार्यक्रम के प्रतिभागी व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं की शंकाओं का भी समाधान किया।
हेप्रेक सभागार में संपन्न कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार के सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने सुमाड़ी के उद्योगपति मोहन काला को लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ग्रीन स्कूल मूवमेंट इन इंडिया के संस्थापक वीरेंद्र रावत ने आधुनिकता और पाश्चात्य संस्कृति का उदाहरण पेश किया। उन्होंने कहा कि आदिगुरु शंकराचार्य और महात्मा गांधी ने सत्यनिष्ठा और भारतीय संस्कृति को समाहित करते हुए आधुनिकता की ओर कदम बढ़ाया।
उद्योगपति काला ने अपने जीवन से जुड़ी घटनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने किस प्रकार उत्तराखंड के छोटे से गांव से मुंबई तक की सफल यात्रा की। इन ओपन मुंबई के सह संस्थापक रूपेश शाह और दिल्ली विवि की कंप्यूटर साइंस विभाग की डा. अनीता गोयल ने प्रबंधन, ऑनलाइन एजुकेशन व प्रतिभा निखारने के गुर बताए। बाधवानी फाउंडेशन के अजय गोयल ने प्रबंधन के बारे में बताया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक प्रो. एससी बागड़ी, पूरन बिष्ट, महेंद्र बाबू कुरुवा और डा. प्रदीप ममगाईं आदि उपस्थित थे।