पौड़ी। उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संगठन की हड़ताल दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रही। संविदा श्रमिकों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन को जारी रखने का निर्णय लिया। इस मौके पर उन्होंने विभागीय के अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।श्रमिकों के 25 फीसदी की बढ़े हुए मानदेय का भुगतान करने व तय बोनस दिए जाने की मांग को लेकर उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संगठन ने दूसरे दिन भी आंदोलन किया। पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार संगठन सुबह 10 बजे ही जल संस्थान के अधिशासी अभियंता दफ्तर में जमा हुए। जहां उन्होंने विभागीय अफसरों के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया।
सुरजीत डोबरियाल ने बताया कि विभागीय उच्चाधिकारी लगातार उनकी मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। बताया कि इस संबंध में उन्होंने बीते 17 व 18 मार्च को ईई दफ्तर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। तब अफसरों ने एक हफ्ते में उनकी मांगें निस्तारित करने का आश्वासन देते हुए हड़ताल समाप्त करने की बात कही थी।
लेकिन अब करीब एक महीने बाद भी अफसरों ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की। जिससे कार्मिकों में आक्रोश बढ़ रहा है। चेतावनी दी कि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मंगलेश लखेड़ा, मोहन पुरोहित, आशीष द्विवेदी, दीपक बडोनी, कुलदीप रावत, ऋषभ राणा और शंभू पोखरियाल आदि शामिल रहे।