- जिलाधिकारी के निर्देश पर अब होगी त्रिपक्षीय वार्ता
देवप्रयाग। शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर चल रहा जन-आंदोलन बृहस्पतिवार को 12वें दिन भी जारी रहा। महिलाओं के अडिग संकल्प और ग्रामीणों के बढ़ते समर्थन के बीच अब शासन-प्रशासन के स्तर पर भी हलचल शुरू हो गई है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रही जिला पंचायत सदस्य पुष्पा रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम रणाकोटी और पूर्व प्रधान उम्मेद सिंह ने बताया कि इस गंभीर मुद्दे पर बुधवार को जिलाधिकारी के साथ वार्ता हुई थी। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम कीर्तिनगर को निर्देशित किया है कि वे आंदोलनकारियों, आबकारी विभाग के अधिकारियों और शराब अनुज्ञापी के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित करें। इस त्रिपक्षीय बैठक के माध्यम से जनभावनाओं और विभागीय नियमों के अनुरूप समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक शासन और प्रशासन स्तर से शराब के ठेके को यहाँ से हटाने का ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका सत्याग्रह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग की सांस्कृतिक और धार्मिक मर्यादा को बचाने के लिए मातृशक्ति किसी भी हद तक जाने को तैयार है। क्रमिक अनशन पर विमला देवी, भट्टू देवी, जसोदा देवी, कमला देवी, सुनीता देवी, कौशल्या देवी, सरस्वती देवी, शोभा देवी और कैलाशी देवी बैठी रही। जारी-राजेश