श्रीनगर। नगर निगम के एजेंसी मोहल्ले में आवासीय कॉलोनी के सामने कई दिनों से पानी की पाइपलाइन लीक हो रही है। इससे न केवल पानी बरबाद हो रहा है बल्कि निचले हिस्से में स्थित कई मकानों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
मुकुंद, संजय और सोमेश ने बताया कि पाइपलाइन से रिसाव बहुत तेज है और सारा पानी नीचे की तरफ बने मकानों की ओर बह रहा है। सीलन से भट्ट भवन और गैरोला भवन में नुकसान पहुंच रहा है। पार्षद शुभम प्रभाकर ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस संबंध में विभाग को दो बार लिखित रूप से अवगत कराया है। इसके बावजूद समस्या जस की तस है। वहीं इस संबंध में जल संस्थान की कनिष्ठ अभियंता पूजा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द विभागीय टीम को मौके पर भेजा जाएगा और लीकेज को दुरुस्त कर दिया जाएगा। संवाद