जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने दर्ज कराईं 25 शिकायतें
पौड़ी। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों ने पानी, सड़क, शिक्षा समेत 25 शिकायतें दर्ज कराईं। सभी शिकायतों की सुनवाई कर एडीएम ने विभागों को शीघ्र निस्तारण को कहा।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम एफआर चौहान ने की। ग्राम स्वीत निवासी ऊषा देवी ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण और स्वीत-गहड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। एडीएम ने लघु सिंचाई को नहर की मरम्मत और लोनिवि को मोटर मार्ग को लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। पालिका वार्ड-4 निवासी राजेंद्र शाह, ग्वाड़ गांव निवासी महावीर सिंह, जसकोट के भीम सिंह रावत और धूलेत के ग्रामीणों ने गांव में गहराती पेयजल समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। एडीएम ने जल महकमे को स्थलीय निरीक्षण कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।
वहीं सभासद वार्ड-4 अरविंद रावत ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर डीएवी स्कूल के समीप झुके पेड़ से दुर्घटना की आशंका जताई। भैंसवाड़ा निवासी राजपाल सिंह रावत ने वनाग्नि में क्षतिग्रस्त फलदार पेड़ों के मुआवजे की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत ने गुलदार की बढ़ती दहशत पर अंकुश लगाने के लिए वन अधिनियम के तहत अनुसूची एक व दो में संशोधन करने के साथ ही बाजार क्षेत्र में फल व सब्जियाें के मनमाने दामों को रोकने के लिए एक समान मूल्य दर की रेट लिस्ट चस्पा करने की मांग उठज्ञई।
इस मौके पर डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, सीईओ अत्रेश सयाना आदि मौजूद रहे।