पौड़ी।जिला मुख्यालय में परिवहन विभाग की ओर से 18.16 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (एडीटीटी) और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का करीब 60 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इन परियोजनाओं के लिए पौड़ी ब्लॉक के डुंगरी क्षेत्र में 1.24 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई गई है, जबकि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड को सौंपी गई है। एडीटीटी के शुरू होने के बाद ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों की परीक्षा स्वचालित और कंप्यूटरीकृत प्रणाली से होगी, जिससे मानव हस्तक्षेप कम होने के साथ प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी। वहीं एटीएस में वाहनों की फिटनेस जांच अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से की जाएगी और फिटनेस प्रमाणपत्र डिजिटल प्रणाली के तहत जारी किए जाएंगे।
क्या होगा फायदा
एडीटीटी के संचालन से ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया मानकीकृत और पारदर्शी होगी, जबकि एटीएस में वाहनों की फिटनेस जांच आधुनिक तकनीक से होने से सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। इसमें रिवर्स -पैरेलल पार्किंग, 8-पैटर्न, हिल ग्रेडिएंट और ट्रैफिक जंक्शन जैसे परीक्षण शामिल होंगे, जिससे चालक की वास्तविक क्षमता का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
- एडीटीटी व एटीएस के लिए भूमि समतलीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। तीन तरफ से दीवारें और पुश्तों का कार्य पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे।
- द्वारिका प्रसाद, आरटीओ पौड़ी।