रोजाना की कमाई में दोगुना हुआ इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। चारधाम यात्रा शुरू होते ही श्रीनगर में रोडवेज की पार्किंग अब मुनाफे का सौदा साबित होने लगी है। लगभग एक साल पहले शुरू हुई इस पार्किंग में अब वाहनों की कतारें लग रही हैं। खासकर यात्रा सीजन में यहां यात्री वाहनों (टेंपो ट्रैवलर्स आदि) की आवाजाही बढ़ने से निगम की रोजाना की कमाई में दोगुना इजाफा हुआ है।
श्रीनगर रोडवेज के प्रभारी अशोक काला ने बताया कि पार्किंग की क्षमता 100 से अधिक वाहनों की है। चार पहिया वाहनों के लिए 30 रुपये प्रतिदिन किराया तय है। वहीं दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये शुल्क निर्धारित है। अब जो लोग बाजार के काम से आते हैं वे भी अपने वाहन यहीं खड़ा कर रहे हैं। पहले जहां पार्किंग से प्रतिदिन लगभग एक हजार रुपये की आय हो रही थी वहीं अब यह आंकड़ा दो हजार रुपये के पार पहुंच गया है। मासिक कमाई भी 20 हजार से बढ़कर करीब 40 हजार तक पहुंच गई है। इसके अलावा 10 से 12 वाहन ऐसे भी हैं जो 2,000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से यहां खड़े किए जाते हैं। पार्किंग में खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निगम की ओर से यहां सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।