श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर की ग्राम पंचायत सारकेणा के सभी तोकों तक अब सड़क सुविधा पहुंचने की तैयारी तेज हो गई है। लंबे समय से अधूरा पड़ा बगर-सारकेणा मोटर मार्ग अब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत पूरा किया जाएगा।
इसके लिए करीब सात किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण और डामरीकरण की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेज दी गई है। स्थानीय निवासी महावीर सिंह भंडारी व पूर्व प्रधान गुड्डी देवी ने बताया कि वर्ष 2021-22 में लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर ने पहलगांव के समीप शेरूधाल्डा से सारकेणा तक करीब पांच किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण शुरू किया था, लेकिन करीब पांच वर्ष बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका।
वर्तमान में गांव के केवल दो-तीन तोक ही सड़क से जुड़े हैं, जबकि शेष आबादी आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क गांव के अंतिम तोक तक पहुंचकर सिल्काखाल मार्ग से जुड़ जाती है तो लोस्तु बडियारगढ़, सिल्काखाल सहित आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन सुगम हो जाएगा। पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता शिवम रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत सारकेणा के सभी तोकों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगभग सात किलोमीटर सड़क की डीपीआर तैयार कर भारत सरकार को भेजी गई है।
स्वीकृति मिलने के बाद सड़क का विस्तारीकरण एवं डामरीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही मार्ग पर आवश्यक मोटर पुलों के निर्माण की डीपीआर भी तैयार की जा रही है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि योजना को शीघ्र मंजूरी मिलने के बाद वर्षों पुरानी सड़क की मांग पूरी होगी और पूरे सारकेणा क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।