श्रीनगर। सावन माह में केदारनाथ समेत अन्य शिवालयों में जल चढ़ाने जा रहे कांवड़िये बड़ी संख्या में कलियासौड़ स्थित मां धारी देवी मंदिर पहुंच रहे हैं। हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों से गंगाजल लेकर आ रहे ये कांवड़िये यात्रा के दौरान मां के दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इससे मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ गई है।
मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पांडे ने बताया कि प्रतिदिन करीब तीन से चार हजार कांवड़िये दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में कांवड़ियों का पहुंचना शुरू हो जाता है। यह सिलसिला शाम तक जारी रहता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति व्यवस्थाओं को संभालने में जुटी है। मंदिर परिसर में भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।