जिला मुख्यालय पौड़ी में उत्तराखंड (पर्वतीय) कर्मचारी -शिक्षक संगठन का द्विवार्षिक जनपदीय अधिवेशन व कार्यकारिणी चुनाव संपन्न हुआ। इस मौके पद संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों का अधिकार है। वर्तमान में दो घटक संगठन पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिन्हें एक करना संगठन की पहली प्राथमिकता है। इस दौरान जिला कार्यकारिणी चुनाव में अध्यक्ष सहित पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। जबकि महामंत्री पद पर चुनाव हुआ। चुनाव परिणामों के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पौड़ी में आयोजित अधिवेशन में चुनाव पर्यवेक्षक सोहन सिंह रावत, सीताराम पोखरियाल ने जिला कार्यकारिणी के चुनाव परिणामों की घोषणा की। बताया कि बताया कि उत्तराखंड (पर्वतीय) कर्मचारी -शिक्षक संगठन में अध्यक्ष पद पर संजय नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर सौरभ नौटियाल, उपाध्यक्ष रानीता विश्वकर्मा और पुष्कर सिंह नेगी, संयुक्त मंत्री सरोज नौटियाल, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, संगठन मंत्री सुनील चमोली व संप्रेक्षक पंकज रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए। बताया कि महामंत्री पद पर मेहरबान सिंह भंडारी को 61 व जसपाल सिंह गुसांई को 46 मत मिले। मेहरबान सिंह भंडारी ने 15 मतों से जीत हासिल की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय नेगी ने कहा कि कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए 10, 16 व 26 वर्ष की सेवारत पर एसीपी का लाभ दिया जाता था। लेकिन बीते वर्ष 2017 में सरकार ने कर्मचारियों की एसीपी सुविधा को बंद कर दिया था। एसीपी की पुन: बहाली के लिए संगठन पुरजोर कार्य करेगा। संगठन ने वाहन चालकों के 4200 ग्रेड पे को बढ़ाकर 4800 किए जाने की मांग भी की। इस मौके पर मुख्य चुनाव अधिकारी रेवती नंदन डंगवाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी जीएस रावत, नमन चंदोला आदि शामिल रहे।