पौड़ी। पौड़ी के हिल्स इंटर नेशनल स्कूल के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव रेंबो का आगाज हो गया है। वार्षिकोत्सव के पहले दिन नर्सरी, एलकेजी व यूकेजी के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर मंत्रमुग्ध कर दिया।
शनिवार को वार्षिकोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि राठ महाविद्यालय पैठाणी के प्राचार्य डाॅ. जितेंद्र नेगी ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता रावत ने विद्यालय की स्थापना, उद्देश्य, वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के असिस्टेंट प्रो. डाॅ. सरीश चदवंशी ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ लोक संस्कृति के संरक्षण, योग की आम जीवन में उपयोगिता को आत्मसात किए जाने सहित अनेक सकारात्मक गतिविधियां उत्साहित करने वाली हैं। इस अवसर पर विकास रावत, प्रह्लाद देवसाली, शुभम रावत, रोहिणी थपलियाल, संगीता रावत आदि मौजूद रहे। वार्षिकोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।