श्रीनगर। बांदीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी, उनके भाई और पिता पर हमले के बाद अब आतंकी पार्टी के सानियर नेता और मुख्य प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर को निशाना बनाने की ताक में हैं। इसका खुलासा अमर उजाला के हाथ लगे एक दस्तावेज से हुआ है। दस्तावेज में पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर अल बदर संगठन के पाकिस्तानी आतंकी इस साजिश को अंजाम दे सकते हैं। वह पुलिस वर्दी में भी हमला कर सकते हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने अल्ताफ ठाकुर की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके घर के बाहर भी सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। उन्हें एहतियात बरतने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने ठाकुर को अनिर्धारित दौरों से परहेज करने को कहा है ताकि उनकी सुरक्षा में कोई चूक न हो। उनसे कहा गया है कि अगर उनका कोई निर्धारित दौरा है तो उससे पहले वह पुलिस को इसकी सूचना दें ताकि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जा सके।
अल्ताफ ने घाटी में भाजपा को मजबूत बनाया
अलताफ ठाकुर ने वर्ष 2002 से भाजपा की पकड़ घाटी में मजबूत बनाई हुई है। अलताफ आतंकियों के गढ़ त्राल से संबंध रखते हैं लेकिन उसके बावजूद भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तिरंगे की शान को बरकरार रखा है। यही कारण है कि आतंकी उन्हें निशाना बना सकते हैं।