जम्मू। पाकिस्तानी सेना पिछले छह महीने से नौशेरा सेक्टर में गोलाबारी कर रही है ताकि आतंकियों की घुसपैठ कराई जा सके। सूत्रों के मुताबिक नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पार पाकिस्तान की अग्रिम चौकियों पर करीब 40 आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं, इनके पास अमेरिकन हथियार हैं। यही नहीं इन्हें पाकिस्तानी सेना के साथ चीन सैनिक भी ट्रेनिंग देते हैं। पैरा कमांडो स्तर की ट्रेनिंग देकर इन्हें घुसपैठ के लिए तैयार किया गया है।
एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया कि एलओसी पर तैनात जवानों की सतर्कता के चलते पाकिस्तान आतंकियों की घुसपैठ नहीं करवा पा रहा। घुसपैठ के बहुत से रूट बेनकाब हुए हैं। कठुआ के हीरानगर और सांबा सेक्टर से भी इनका घुसपैठ करना मुश्किल हुआ है। इसलिए पाकिस्तान बौखला कर एक क्षेत्र को टारगेट कर रहा है, ताकि घुसपैठ करा सके। नौशेरा सेक्टर में इस साल अब तक सेना ने कई घुसपैठ के प्रयास नाकाम किए हैं, कई आतंकी मार गिराए गए हैं। इस दौरान तीन सैन्य जवान भी शहीद हुए हैं।