श्रीनगर। ओल्ड बरजुल्ला इलाके से पांच अगस्त से लापता युवक साकिब मंजूर डार के आतंकी बनने की चर्चा है। शुक्रवार देर शाम वायरल हुए एक ऑडियो संदेश में खुद को साकिब बता रहे युवक ने आतंक की राह थामने की बात मानी। यह ऑडियो परिवार की तरफ से उसे घर लौट आने की अपील वाले वीडियो संदेश के बाद सामने आया है। दूसरी तरफ पुलिस साकिब के आतंकवाद मे शामिल होने की बात को नकार रही है।
श्रीनगर के ओल्ड बरजुल्ला इलाके का साकिब मंजूर डार पुत्र मंजूर अहमद डार 5 अगस्त से घर से लापता है। परिवार वालों की शुक्रवार सुबह एक वीडियो वायरल हुई। इस 2 मिनट 50 सेकेंड के इस वीडियो में साकिब की मां, उसकी बहन और परिवार के कुछ और सदस्य रोते हुए उसे घर लौट आने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। मां कह रही है कि उसके चार ऑपरेशन हुए हैं, कृपा करके घर लौट आओ। अगर उसने या उसके पिता ने उसे कुछ बोला है तो माफी मांगती हूं। इतना ही नहीं रोती हुई छोटी बहन ने भी हाथ जोड़कर उसे घर लौट आने की अपील की। कह रही है कि तू मेरा इकलौता भाई है और तेरे बिना मैं कुछ नहीं।
वहीं इस बीच देर शाम साकिब का बताया जा रहा एक ऑडियो संदेश वायरल हुआ। इसमें खुद को साकिब बता रहा युवक जिहाद का रास्ता चुनने की बात कह रहा है। कह रहा है कि मैं अपने घर वालों से कहना चाहता हूं कि वो मुझे ढूंढने की कोशिश न करें। मैं महफूज हूं।
बता दें, श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र रणबीरगढ़ में 26 जुलाई को मुठभेड़ में लश्कर के कमांडर इशफाक रशीद खान के मारे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजीपी विजय कुमार ने दावा किया था कि अब श्रीनगर का कोई भी युवा आतंकवादी नहीं है।