श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के चोपडिया गांव के पास लगाए जा रहे स्टोन क्रशर के विरोध थम नहीं रहा है। उत्तराखंड छात्र संगठन के पूर्व नगर अध्यक्ष ने डीएम टिहरी को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है। कहा कि क्रशर का निर्माण मानकों के विपरीत किया जा रहा है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में उत्तराखंड छात्र संगठन के पूर्व नगर अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि चोपडिया में निर्माणाधीन स्टोन क्रशर के विरोध में कई बार स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। रावत ने कहा कि स्टोन क्रशर का निर्माण अलकनंदा नदी किनारे एवं गांव के प्राकृतिक जल स्रोत के पास किया जा रहा है। साथ ही यहां पर ग्रामीणों की कृषि भूमि एवं उद्यान हैं। अगर इस स्थान पर स्टोन क्रशर लगाया गया तो पर्यावरण को नुकसान होने के साथ ही प्राकृतिक जल स्रोत भी सूख जाएगा। जबकि ग्रामीणों की कृषि भूमि भी बरबाद हो जाएगी। रावत ने डीएम से क्रशर के स्थलीय निरीक्षण की मांग की है। संवाद