श्रीकोट गंगानाली में अलकनंदा नदी किनारे जल्दी भव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण होगा। आरवीएनएल (रेल विकास निगम लिमिटेड) ने खेल मैदान निर्माण के लिए ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिए हैं। सब कुछ योजनानुसार चला, तो स्टेडियम के साथ हेलीपेड व पार्किंग सहित मेला स्थल का निर्माण भी होगा। नवरात्रों के शुभ अवसर पर इसका भूमि पूजन किया जाएगा।
श्रीनगर शहर में स्थित जीआईएंडटीआई मैदान के एक कोने से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल मार्ग की सुरंग गुजरेगी। इसके अलावा मैदान में कार्यदायी संस्था के ऑफिस सहित मशीन भी रखी जाएंगी। इसके चलते मैदान की घेरबाड़ कर काम शुरू करा दिया गया है। मैदान को अधिग्रहीत किए जाने से क्षेत्र में मैदान की कमी खल रही थी। इसे देखते हुए उच्च शिक्षा, सहकारिता एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री( स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत ने आरवीएनएल को दूसरे स्थान पर आधुनिक खेल मैदान निर्माण के लिए कहा था। जिस पर श्रीकोट का चयन किया गया था। धन सिंह के हवाले से भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट ने बताया कि श्रीकोट में लगभग 10 करोड़ की लागत से खेल मैदान बनेगा। इसमें आउटडोर व इंडोर गेम की सुविधा रहेगी। इसके लिए आरवीएनएल ने टेंडर जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के खेलप्रेमियों को बेहतर सुविधाओं वाला खेल मैदान मिलेगा। ब्यूरो