जिले में 10 बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय फुटबॉल के लिए हुआ है। आने वाले दिनों में ये बालिकाएं राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगी। खेल विभाग की मानें तो जिले में करीब 170 बालक-बालिकाएं इन दिनों फुटबाॅल की विधा सीख रहे हैं। इसमें करीब 75 बालिकाएं भी शामिल हैं।
पौड़ी के कोट में 30 बालिकाएं व 35 बालक, कोटद्वार में 30 बालिकाएं व 40 बालक जबकि श्रीनगर में 15 बालिकाएं व 20 बालक फुटबॉल सीख रहे हैं। जिले से अभी तक कुल 10 बालिकाओं व 11 बालकों को राज्य स्तरीय फुटबॉल के लिए चयन हुआ है।
इसमें पौड़ी कोट से छह, कोटद्वार से तीन व श्रीनगर ने एक बालिका का चयन हुआ है। राज्य स्तर के लिए चयनित बालिकाएं नैनीताल व बालक देहरादून में आगामी 22 सितंबर को चयन ट्रायल में शामिल हाेंगे। कोट ब्लॉक के कोच राकेश मोहन रावत ने बताया कि हर दिन दो शिफ्ट में बालिकाओं को फुटबॉल का अभ्यास कराया जाता है।
बेटियों को घर से ही फुटबॉल सीखने के लिए कोट क्रीड़ा संघ प्रेरित कर रहा है। साथ ही समय समय पर वित्तीय सहायता के रूप में किट आदि मुहैया करवा रहा है। जिसके बूते पूरे जिले में कोट ब्लॉक की सर्वाधिक छह बेटियों का चयन राज्य स्तर पर हुआ है।
वहीं प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान ने बताया कि विभाग की ओर से फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए निशुल्क कोच व खेल किट मुहैया कराई जा रही है।