दूरदराज गांवों से सीएचसी पहुंच रहीं
सीएचओ और आशा की ओर से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर में चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत दूरदराज गांवों से किशोरियां टीका लगवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कीर्तिनगर पहुंच रही हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं की ओर से गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सीएचसी कीर्तिनगर के प्रभारी डॉ. आकाश दीप ने बताया कि मंगलवार को छह किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। अभियान के पहले दिन दो किशोरियों को टीका लगाया गया था। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए यह विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस आयु में दी गई वैक्सीन सबसे अधिक प्रभावी मानी जाती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होती है। अभियान के तहत ‘गार्डासिल-4’ वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है, जो करीब 10 वर्षों तक एचपीवी संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करेगी। मगर कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं। आकाश दीप ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को वैक्सीन अवश्य लगवाएं।