विद्युत सब स्टेेशन मेें आई खराबी के कारण श्रीकोट गंगानाली का आधा हिस्सा शनिवार रात अंधेरे में डूबा रहा। वहीं सुबह पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई जो रविवार दोपहर में बहाल हुई। विद्युत आपूर्ति ठप होने से श्रीकोट में जलापूर्ति भी बाधित हो गई। वहीं, श्रीनगर में दिन भर बिजली की आंख-मिचौली चलती रही।
शनिवार शाम लगभग 5 बजे श्रीकोट क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। रात लगभग 8 बजे सिर्फ कुछ ही हिस्सों में आपूर्ति बहाल हो पाई लेकिन रात 10 बजे दोबारा बिजली गुल हो गई। हालांकि कुछ देर बाद बिजली आ गई लेकिन पूरे क्षेत्र में आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। रविवार सुबह पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई जो दोपहर बाद बहाल हो पाई। इधर, श्रीनगर में दिन भर बिजली गुल होती रही। हर आधे घंटे में बिजली गुल होती रही। विद्युत वितरण उपखंड अधिकारी सचिन सचदेवा ने बताया कि श्रीकोट सब स्टेशन में केबल फुंक गई थी। इस वजह से आपूर्ति प्रभावित हुई। शनिवार शाम श्रीनगर से आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद खिर्सू लाइन से श्रीकोट को जोड़ा गया। इससे आधे क्षेत्र मेें आपूर्ति बहाल हुई। रविवार को श्रीनगर से लाइन जोड़कर शेष हिस्से में भी आपूर्ति चालू की गई।