श्रीनगर बिडला परिसर के गेट पर आतिशबाजी कर खुशी मनाते छात्र
- फोटो : SHRINAGAR
एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि की कार्य परिषद में छात्रसंघ गठन संबंधी प्रस्ताव की प्रति मिलने पर संयुक्त छात्र परिषद ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। छात्रों ने धरने से उठते हुए जीत पर खुशी मनाते हुए आतिशबाजी की।
केंद्रीय विवि एक्ट 2009 में छात्र परिषद का प्रावधान किया गया है, लेकिन छात्र पूर्व की भांति छात्र संघ यथावत रखने की मांग करते आ रहे हैं। पिछले सप्ताह से विभिन्न छात्र संगठन संयुक्त छात्र परिषद के बैनर तले आंदोलित थे। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल की ओर से छात्र परिषद का प्रावधान निरस्त करने संबंधी और छात्रसंघ को यथावत रखने का प्रस्ताव कार्य परिषद में रखने का आश्वासन मिलने पर छात्रों ने प्रशासनिक भवन का रास्ता खोल दिया था। हालांकि छात्रों का धरना जारी था। बृहस्पतिवार को छात्र नेताओं ने कुलसचिव डॉ. अजय खंडूड़ी से मुलाकात की। कुलसचिव की ओर से छात्र संघ संबंधी प्रस्ताव की पीडीएफ मिलने पर छात्रों ने धरना खत्म कर दिया। इस अवसर पर देवकांत देवराड़ी, राम प्रकाश, अनमोल भंडारी, सुजीत गैरोला, सम्राट राणा, सुधांशु थपलियाल व कैवल्य जखमोला आदि मौजूद थे।