डीएम ने आईसीएसई और आईएससी बोर्ड के मेधावियों को सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। सेंट थॉमस स्कूल का वार्षिकोत्सव सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से आयोजित हुआ। डीएम ने आईसीएसई टॉपर शौर्य असवाल और आईएससी टॉपर गीतांजलि नेगी व योगेश लिंगवाल को सम्मानित किया गया।
शनिवार को पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय प्रांगण में डीएम स्वाति एस भदौरिया और बिजनौर डायसिस के उपाध्यक्ष फादर फ्रांसिस केओ ने संयुक्त रूप से वार्षिकोत्सव का उद्घाटन किया। डीएम भदौरिया ने छात्र छात्राओं को बड़े सपने देखने, नई चुनौतियां स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जीवन में मुश्किलें आएंगी, लेकिन मजबूत हौसले और अटूट विश्वास से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
वार्षिकोत्सव की शुरुआत छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत से की। उन्होंने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी, हिन्दी, पंजाबी, राजस्थानी आदि गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। जबकि नन्हें बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में हिन्दी गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियाें से अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारियां दीं। इस मौके पर रीना रौथाण, वंदना मुदगिल, गीता रावत, पूजा चमोली, नरेंद्र सिंह, संजय जुयाल, प्रीति नेगी, मुकेश पंवार, सुबोध उनियाल आदि मौजूद रहे।