एनआईटी (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) उत्तराखंड के स्थायी परिसर के शीघ्र निर्माण और नैनीताल हाईकोर्ट के फैसले पर सरकार से मत स्पष्ट करने की मांग को लेकर यहां स्थानीय लोगों ने धरना दिया। प्रगतिशील जनमंच ने भी लोगों ने धरने को समर्थन दिया।
एनआईटी क्षेत्रीय विकास समिति के बैनर तले सुमाड़ी, खालू, चमराड़ा, दांदड़ी और नयालगढ़ सहित अन्य गांवों की जनता ने सुमाड़ी शिलान्यास स्थल में एक दिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख खिर्सू भवानी गायत्री ने मुख्य अतिथि और पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी ने अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। इस अवसर पर कहा गया कि केंद्र व राज्य सरकार नैनीताल हाईकोर्ट की ओर से एनआईटी के संबंध में दिए गए फैसले पर अपनी राय स्पष्ट करें। कहा कि जनता को एनआईटी के संबंध में जवाब चाहिए। वक्ताओं ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि सुमाड़ी में दो-दो बार एनआईटी के स्थायी परिसर का शिलान्यास हो गया, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हो पाया। तय किया गया कि 16 अगस्त को इस मुद्दे पर विकास खंड खिर्सू के जनप्रतिनिधियों की आम बैठक सुमाड़ी में आयोजित होगी। वहीं क्षेत्रीय विधायक राज्य मंत्री डा.धन सिंह रावत और जिलाधिकारी पौड़ी से वार्ता करने समिति का शिष्टमंडल जाएगा। धरने की अध्यक्षता हर्षपति मुयाल ने की। समिति के सचिव सुरजीत बिष्ट, विमल काला, प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी, मुकेश अग्रवाल, जेपी पुरी, गायत्री थपलियाल, राजेश, अनूप, पवन, जितेंद्र धनाई, अमित, मनेाज, भगवान सिंह और दुर्गा गैरोला आदि धरने पर बैठे।