अधिवक्ता के घर में घुसकर मारपीट के आरोप के मामले में हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप रॉय ने आरोपी बनाए गए कोतवाल, महिला थानाध्यक्ष समेत अन्य पक्षों के बयान लिए।
गत 10 जुलाई को महिला थाना में रुद्रप्रयाग निवासी मनमोहन रौतेला ने अपनी बहन के ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज को लेकर मारपीट और उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। उसका कहना था कि जब वह पुलिस के साथ अपनी बहन के ससुराल श्रीनगर पहुंचा, तो बहन के जेठ ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य परिजन भी उस पर टूट पड़े। बीच बचाव में पुलिस कर्मियों की भी चोटें आयी। वहीं, दूसरे पक्ष ने इस प्रकरण में हाईकोर्ट में याचिका दायर करते हुए कोतवाल श्रीनगर, महिला थानाध्यक्ष व अन्य पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया। पूर्व में कोर्ट ने महिला थाना में दर्ज रिपोर्ट पर कार्रवाई पर रोक लगाने के साथ ही एसएसपी पौड़ी को स्टेट्स रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। रिपोर्ट जमा होने के बाद पुन: कोर्ट ने 24 जुलाई को आदेश देते हुए 48 घंटे के अंदर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप रॉय ने 25 और 26 जुलाई को श्रीनगर मेेें आरोपियों समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि कोर्ट में याचिका दायर करने वाला परिवार श्रीनगर में नहीं रह रहा है। इसलिए उनके बयान फोन पर लिए जाएंगे।