जिले में आगामी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें शहीदों के स्मारकों पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए पंचायतराज विभाग के माध्यम से स्लोगन भी लिखे जाएंगे। इस दौरान कोरोना के मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी पौड़ी आशीष भटगाई ने राज्य स्थापना दिवस की तैयारी बैठक ली। इस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन से मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में उचित दूरी का अनुपालन करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सात नवंबर से ग्यारह नवंबर तक सभी राजकीय भवन दूधिया रौशनी से जगमगाएंगे। प्रभारी डीएम ने नगर निकाय क्षेत्रों में अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाने के साथ ही कार्यक्रम के दौरान आने-जाने वालों की थर्मज स्क्रीनिंग किए जाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. एसके बरनवाल, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, एसडीएम एसएस राणा, एपीडी सुनील कुमार, डीईओ कुंवर सिंह रावत आदि शामिल थे।