कोटद्वार। क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा की कहानी पर आधारित हिंदी और तमिल में बनने वाली बड़े पर्दे की फिल्म ‘राजू बजरंगी’ की शूटिंग सिद्धपीठ सिद्धबली बाबा के मुहूर्त शॉट के साथ शुरू हो गई। फिल्म के डायरेक्टर मनोज शर्मा और प्रोड्यूसर एसएन सिंह रावत ने सिद्धबली बाबा का शॉट लिया और बाबा से निर्विघ्नता से शूटिंग संपन्न होने और फिल्म की सफलता की कामना की।
शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार सिद्धबली प्रोडक्सन हाउस के बैनर तले बन रही ‘राजू बजरंगी’ फिल्म की यूनिट सुबह सात बजे श्री सिद्धबली बाबा मंदिर पहुंची। प्रसिद्ध डयरेक्टर मनोज शर्मा के निर्देशन में श्री सिद्धबाबा का मुहूर्त शॉट लिया गया। इसके बाद के दृष्य काशीरामपुर स्थित एक घर में लिए गए जिसमें राजू के पिता की मौत होने के बाद उसके घर में लोग संवेदना प्रकट करने आते हैं, लेकिन राजू सिद्धबाबा को अपने पिता की मौत का जिम्मेदार मानता है और सिद्धबली पर नाराजगी प्रकट करते हुए अपने खिलौने सिद्धबली को लौटाने के लिए चल पड़ता है आदि सीन फिल्माए गए।
फिल्म के डायरेक्टर मनोज शर्मा ने बताया कि राजू बजरंगी एक बाल हट के बच्चे राजू और सिद्धबली बाबा बजरंगी के बीच नोक-झोंक की कहानी है जिसमें राजू के बालहट से हारकर भगवान को उसके पिता के प्राण लौटाने पड़ते हैं। फिल्म में कोटद्वार निवासी शिव नारायण सिंह रावत ‘शिब्बू’ बजरंगी और राजू का रोल बाल कलाकार हीत बोकाडिया निभाएंगे। अभिनता हेमंत पांडे, दक्षिण भारत के एक्टर दिल्ली गणेश मुख्य भूमिका में है। शनिवार को दिनभर फिल्म की शूटिंग सिद्धबली बाबा मंदिर में होगी।