जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अगस्त से पहले खेल गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद नहीं है। कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अगस्त से पहले ऐसा संभव नहीं दिख रहा है। खेल एसोसिएशन भी वर्तमान समय में किसी भी प्रतियोगिता का आयोजन कर जोखिम नहीं उठाना चाहती।
प्रदेश में मार्च महीने से खेल गतिविधियां ठप पड़ी हैं। हालांकि इस बीच कई एसोसिएशनों ने ऑनलाइन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इसमें प्रतिभागियों की संख्या न के बराबर रही है। खेल एसोसिएशन फिलहाल अगस्त से पहले किसी भी प्रकार की प्रतियोगिता का आयोजन नहीं कर रही है। बैडमिंटन एसोसिएशन के जरनल सेक्रेटरी बलबीर जमवाल ने कहा कि खेलों को लेकर सरकार की ओर से कोई गाईडलाइन नहीं है। उन्होंने कहा कि सितंबर-अक्तबूर में एसोसिएशन ने स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन करना था, फिलहाल उसे स्टैंड बाय पर रखा है। नेशनल बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अगस्त में हैदराबाद में कैंप का आयोजन किया जाना है, हालांकि कैंप के खिलाड़ियों को भेजना भी चुनौती होगी।