कीर्तिनगर। विकास खंड मुख्यालय के जीआईसी कीर्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का विशेष शिविर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय घिल्डियाल गांव में शुरू हुआ। शिविर में 50 स्वयंसेवी प्रतिभाग कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश मोहन मैठाणी ने स्वयंसेवियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि सभासद कुलदीप रावत ने स्वयंसेवियों से शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर आगे आने का आह्वान किया। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. यशवंत सिंह नेगी ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज से जोड़कर जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी कमलेश चंद्र जोशी ने योजना के इतिहास, पाठ्यक्रम एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वयंसेवियों से अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ शिविर में प्रतिभाग करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन अमित पुरोहित ने किया।