विकासखंड पौड़ी के बाल विकास परियोजना में अधिकारी-कर्मचारियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन आहरण की राह में आईएफएमएस प्रणाली रोड़ा बन गई है। नवंबर माह का वेतन विभाग ने जारी कर दिया। लेकिन आईएफएमएस प्रणाली के सॉफ्टवेयर में खामी के चलते वेतन खातों में नहीं पहुंच पाया है। मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी फेडरेशन एसोसिएशन ने जल्द सॉफ्टवेयर में सुधार नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विकासखंड पौड़ी में बाल विकास परियोजना के तहत एक परियोजना अधिकारी, 5 कर्मचारी, 4 सुपरवाइजर सेवारत हैं। ब्लाक के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 116 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिका व मिनी कार्यकर्ता तैनात हैं। विभाग की ओर से सभी के नवंबर माह का वेतन जारी किया गया। लेकिन वेतन अभी तक खातों में नहीं पहुंचा है। जिससे उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने डाटा सेंटर देहरादून व मुख्य कोषागार पौड़ी के अधिकारी से वेतन आहरण को लेकर सूचना मांगी, तो सेंटर की ओर से आईएफएमएस प्रणाली के सॉफ्टवेयर में खामी होने की बात कही। मिनिस्ट्रीयल फेडरेशन एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने बताया कि आईएफएमएस प्रणाली लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है। कहा कि प्रणाली के सॉफ्टवेयर आए दिन खराब होते रहता है। जिससे वेतन निर्गत नहीं हो पाता है। कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन बिल जारी होने के बाद भी सॉफ्टवेयर धनराशि शून्य दिखा रहा है। जिससे बिल बनाने में परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। आईएफएमएस प्रणाली के सॉफ्टवेयर में जल्द सुधार नहीं किया जाता है, तो आंदोलन किया जाएगा।