पुन: पुराने स्थान पर स्थापित न किए जाने पर दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कीर्तिनगर। कीर्तिनगर उप-डाकघर को जन-सुलभ स्थान से जाखणी स्थानांतरित किए जाने का लोगों ने विरोध किया और सांकेतिक धरना दिया। क्षेत्रवासियों ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर को ज्ञापन सौंपकर डाकघर को पुनः पुराने स्थान पर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा।
कीर्तिनगर पुल के समीप सांकेतिक धरने के बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि उप-डाकघर को पुराने स्थान से हटाए जाने के बाद आम लोगों को डाक सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। पहले उप-डाकघर अधिक सुगम था और आमजन के लिए आसानी से पहुंच योग्य था। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए उप-डाकघर को उसके पूर्व जन-सुलभ स्थान पर पुनः स्थापित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा यदि डाकघर को पुराने स्थान पर नहीं लाया जाता है तो नए पुल (राष्ट्रीय राजमार्ग) के समीप संचालित शराब के ठेके को भी वहां से हटाया जाए। कहा गया कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रवासी आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता अचल नेगी, रघुवीर पंवार, हिम्मत नेगी, सुनील पोखरियाल, राजेंद्र रावत, प्रदीप गोयल, रोशन सेमवाल आदि शामिल थे।