क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धबली बाबा की कहानी पर आधारित हिंदी और तमिल में बनने वाली बड़े पर्दे की फिल्म ‘राजू बजरंगी’ की शूटिंग के तीसरे दिन राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में फिल्म के कई दृष्य फिल्माए गए। इस दौरान अभिनेता हेमंत पांडे और उनके सहयोगी कलाकारों ने अपने शॉट दिए।
सिद्धबली प्रोडक्सन हाउस के बैनर तले बन रही इस फिल्म की यूनिट रविवार सुबह राजकीय संयुक्त चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर भवन में पहुंची। प्रसिद्ध डायरेक्टर मनोज शर्मा के निर्देशन में अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में आपरेशन के दृष्य शूट किए। फिल्म के दृष्य में राजू को मिले उसके पिता की शक्ल का दूसरा व्यक्ति राजू को गोद लेने के लिए जाता है, लेकिन उसका रास्ते में एक्सीडेंट हो जाता है। डाक्टर उसका आपरेशन करते हैं, लेकिन वह नहीं बच पाता और डाक्टर उसे मृत घोषित कर देते हैं। राजू सिद्धबाबा (बजरंगी) पर फिर से उसके पिता को मारने का आरोप लगाता है और उन्हें जिंदा करने की हठ करता है, जिससे बजरंगी उसके पिता का हाथ छूते हैं और पिता (हेमंत पांडे) जिंदा हो जाता है। इसके साथ कई क्लाईमेक्स सीन फिल्माए गए।
इस अवसर पर फिल्म के प्रोड्यूसर शिव नारायण सिंह रावत ‘शिब्बू’, मुख्य कैमरा मैन श्रवणन, सहायक कैमरा मैन मनीष मिश्रा, सुधीर, अश्विन मिश्रा, पनीष मांडे, रफीक अहमद, निर्देशक टीम में भारती, नरेश, नजीर और पूरे प्रोडक्शन हाउस की टीम मौजूद थी।