विकासखंड थलीसैंण की बीडीसी बैठक में छह विभागों के अधिकारी नहीं पहुंचे। जिसको लेकर सदन में सदस्यों ने कड़ा आक्रोश जताया। बैठक को लेकर अधिकारियों के उदासीन व्यवहार पर निंदा प्रस्ताव पास किया गया। ब्लाक प्रमुख मंजू रावत ने अनुपस्थित समस्त अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कहा कि अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मंगलवार को ब्लाक सभागार थलीसैंण में बीडीसी बैठक आयोजित कि गई। इस मौके पर प्रमुख मंजू रावत ने कहा कि सदन में उठी जन समस्याओं पर अधिकारियों को गंभीरता के साथ त्वरित कार्रवाई अमल में लानी होगी। जिला पंचायत सदस्य टीला गणेश नेगी ने बताया कि जीआईसी खंडमल्ला में विद्यालय भवन जर्जर बना हुआ है। यहां कक्षा छह से 12 तक के 197 बच्चें अध्ययनरत हैं। जिन्हें दो कक्षा कक्षों में अध्ययन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मोल्खाखाल-टीला मोटर मार्ग पर डामरीकरण, जीआईसी हिंवालीधार में पेयजल व्यवस्था, स्योली तल्ली में पेयजल लाइन दुरुस्त किए जाने व स्योली मल्ली मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी जाए जाने की मांग की। क्षेपं सदस्य बसोला कैलाश चंद्र ढौंडियाल ने क्षेत्र में पीएमजीएसवाई व लोनिवि बैजरों द्वारा मोटर मार्ग निर्माण को लेकर की जा रही हीलाहवाली पर आक्रोश जताया। सदन में 80 ग्राम प्रधान, 28 क्षेपं सदस्य व पांच जिला पंचायत सदस्यों ने प्रतिभाग किया। संचालन बीडीओ सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी शांति देवी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन सिंह, अमर सिंह आदि मौजूद थे।