श्रीनगर/देवप्रयाग। शौर्य जागरण यात्रा के श्रीनगर और देवप्रयाग पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की ओर से यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
श्रीनगर गोला पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यात्रा में शामिल विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष रविदेव आनंद, संगठन मंत्री अजय, बजरंग दल प्रदेश संयोजक अनुज वालिया व चिंतामणी ने कहा कि यह शौर्य जागरण यात्रा देश के नौजवानों को नशामुक्त करने, उनमें समरसता की भावना का विकास और लव जेहाद के खिलाफ जागरुकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं देवप्रयाग में विश्व हिंदू परिषद की अगुवाई में बजरंग दल द्वारा आयोजित शौर्य जागरण यात्रा का भगवान राम की तपस्थली में पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। जय श्री राम का उद्घोष करते हुए यात्रा संगम पर पहुंची। विहिप प्रदेश अध्यक्ष रविदेव आनंद, संगठन मंत्री अजय व बजरंग दल प्रदेश संयोजक अनुज वालिया द्वारा यहां गंगा आरती की गई। गंगा सेवा समिति अध्यक्ष माधवमेवाड गुरु, तीर्थ पुरोहित दिनेश प्रयागवाल, जमुना प्रसाद डबराल, योगेश भट्ट आदि द्वारा गंगा जल कलश में भरा गया।
पौड़ी। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष राकेश गौड़, जिला महामंत्री मातंग मलासी, संयोजक अरुण चमोली ने कहा कि यात्रा बद्रीनाथ से शुरू होकर पूरे राज्य में भ्रमण कर रही है। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र असवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक राजकुमार पोरी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुषमा रावत, भुवन डोभाल, डॉ. मदन मोहन नौटियाल, परमानंद चतुर्वेद आदि शामिल रहे। संवाद