श्रीनगर। शहर और यात्रा मार्ग की सुरक्षा के लिए वर्ष 2023 में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे तीन साल में ही खराब होने लगे हैं। उफल्डा से स्वीत तक लगाए गए करीब 27 कैमरों में से सात स्थानों पर निगरानी ठप है। स्थिति यह है कि कैमरों को ठीक कराने के कुछ दिन बाद ही वह फिर बंद हो जाते हैं।
उफल्डा, पंचपीपल, महिला थाना क्षेत्र, काला रोड, गोला बाजार से थाना रोड, गोला बाजार से काला रोड और जल निगम क्षेत्र में लगे कैमरे खराब हैं। इनमें कई स्थान शहर के सबसे व्यस्त हिस्सों और यात्रा मार्ग पर हैं। ऐसे में किसी वारदात, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में फुटेज जुटाना मुश्किल हो सकता है। कैमरों की मॉनिटरिंग पुलिस प्रशासन करता है जबकि रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम की है। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को पत्र भेजा गया है लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी है। वहीं नगर निगम के जेई सूरज ने बताया कि कैमरे लगाने वाली कंपनी ही फिलहाल इनका मेंटेनेंस कर रही है। पुलिस का पत्र मिल चुका है और संबंधित कंपनी को कैमरे ठीक करने के लिए सूचित किया गया है। संवाद